
أثنى رسول الله صلى الله عليه وسلم على سيدنا معاذ بن جبل رضي الله عنه فقال: وأعلمهم (أي: أمتي) بالحلال والحرام معاذ بن جبل (سنن الترمذي، الرقم: ٣٧٩٠)
एक मर्तबा रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अ़लैहि व-सल्लम ने हज़रत मुअ़ाज़ बिन-जबल रज़ियल्लाहु अ़न्हु की तारीफ़ करते हुए फ़रमाया:
“मेरी उम्मत में हलाल और हराम के बारे में सबसे ज़्यादा इल्म रखने वाले मुअ़ाज़ बिन-जबल हैं।” (सुनन तिर्मिज़ी, अर-रक़म: ३७९०)
हज़रत मुअ़ाज़ बिन-जबल रज़ियल्लाहु अ़न्हु की सख़ावत
एक मर्तबा हज़रत उ़मर रज़ियल्लाहु अ़न्हु ने चार सौ दीनार हज़रत अबू उ़बैदा बिन-अल-जर्राह़ रज़ियल्लाहु अ़न्हु के पास भेजा और ग़ुलाम से फ़रमाया कि वह हज़रत अबू उ़बैदा रज़ियल्लाहु अ़न्हु को देकर थोड़ी देर ठहरे और देखे कि हज़रत अबू उ़बैदा रज़ियल्लाहु अ़न्हु इस पैसे से क्या करते हैं।
जब हज़रत अबू उ़बैदा रज़ियल्लाहु अ़न्हु को वह माल मिला, तो उन्होंने फ़रमाया: “अल्लाह उन पर (यानी हज़रत उ़मर रज़ियल्लाहु अ़न्हु पर) रहम फ़रमाए।”
उसके बाद उन्होंने अपनी बांदी को बुलाया और उससे फ़रमाया कि यह सात दीनार फ़्लाँ को दे दो। यह पाँच दीनार फ़्लाँ को दे दो। इस तरह उन्होंने सारी रक़म तक़सीम कर दी।
वापस आकर ग़ुलाम ने हज़रत उ़मर रज़ियल्लाहु अ़न्हु को पूरा वाक़िया सुनाया।
उसके बाद हज़रत उ़मर रज़ियल्लाहु अ़न्हु ने उतना ही माल हज़रत मुआज़ बिन-जबल रज़ियल्लाहु अ़न्हु के पास भेजा और इस मर्तबा भी ग़ुलाम को वही हुक्म दिया।
जब हज़रत मुआज़ बिन-जबल रज़ियल्लाहु अ़न्हु को वह माल मिला, तो उन्होंने फ़रमाया: “अल्लाह उन पर (यानी हज़रत उ़मर रज़ियल्लाहु अ़न्हु पर) रहम फ़रमाए।”
दो दीनार के अलावा हज़रत मुआज़ रज़ियल्लाहु अ़न्हु ने भी सारी रक़म तक़सीम कर दी। हज़रत मुआज़ रज़ियल्लाहु अ़न्हु ने दो दीनार इसलिए छोड़ दिए थे कि उनकी अहलिया ने ज़रूरत की चीज़ ख़रीदने के लिए उनसे दरख़्वास्त की थी।
जब ग़ुलाम ने हज़रत उ़मर रज़ियल्लाहु अ़न्हु को पूरा वाक़िया सुनाया, तो हज़रत उ़मर रज़ियल्लाहु अ़न्हु बहुत ख़ुश हुए और फ़रमाया: “वह सब भाइयों की तरह हैं, जो नेक काम करने में एक-दूसरे के मुशाबेह हैं।”
(सियरु अअ़्लामिन-नुबला: ३/२७७, अल-मुअ़्जमुल-कबीर, अर-रक़म: ४६)
Alislaam.com – اردو हिन्दी ગુજરાતી