
सलाम दीने-इस्लाम का तहिय्या (अभिवादन/ग्रीटिंग) है। जिस तरह दीने-इस्लाम अमन व अमान (शांति व सुरक्षा) का दीन है, उसी तरह तहिय्या-ए-इस्लाम (यानी “अस्सलामु अ़लैकुम”) अमन व अमान का तहिय्या है और अमन व अमान का पैग़ाम देता है। सलाम इस्लामी तालीमात में से एक अहम तालीम है, जिससे मुसलमानों की पहचान होती है। मुबारक हदीसों में इसकी बहुत ज़ियादा अहमियत बयान की गई है।
हज़रत अ़ब्दुल्लाह बिन-सलाम रज़ियल्लाहु अ़न्हु बयान करते हैं:
“जब रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अ़लैहि व-सल्लम हिजरत करके मदीना तय्यिबा तशरीफ़ लाए, तो मदीना तय्यिबा के लोग आपके इस्तिक़्बाल के लिए दौड़ पड़े। मैंने एक शख़्स को तीन बार यह ऐलान करते हुए सुना कि अल्लाह के रसूल आ गए! अल्लाह के रसूल आ गए! अल्लाह के रसूल आ गए!’
मैं भी उन लोगों के साथ निकला ताकि मैं ख़ुद उस शख़्सियत को देखूँ (जिनके बारे में लोग कह रहे थे कि वे अल्लाह के रसूल हैं; हालाँकि उस वक़्त तक मैंने इस्लाम क़बूल नहीं किया था)। जूँ ही मेरी नज़र रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अ़लैहि व-सल्लम के चेहर-ए-अन्वर पर पड़ी, मुझे यक़ीन हो गया कि यह चेहरा किसी धोखेबाज़ या झूठे आदमी का चेहरा नहीं हो सकता।
इस मुबारक मौक़े पर लोगों से ख़िताब करते हुए सबसे पहले अल्फ़ाज़, जो मैंने आपकी ज़बाने-मुबारक से सुने, वे ये थे:
‘ऐ लोगो! (ऐ मुसलमानो!) आपस में सलाम को आम करो (यानी मुलाक़ात के वक़्त एक-दूसरे को सलाम करो), मख़्लूक़ (लोगों) को खाना खिलाओ, अपने ख़ानदान के साथ सि़ला-रहमी (रिश्तेदारों से अच्छा बर्ताव) करो, और रात में नफ़ल नमाज़ पढ़ो जब लोग सो रहे हों, तो तुम जन्नत में अमन व सलामती के साथ दाख़िल हो जाओगे।’ (सुनन तिर्मिज़ी: २४८५)
हदीस शरीफ़ में रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अ़लैहि व-सल्लम ने बयान फ़रमाया है कि सलाम करना बाहमी (आपसी) मोहब्बत पैदा करने का ज़रिया है और जन्नत में दाख़िल होने का बाइ़स (कारण) है।
हज़रत रसूलुल्लाह सल्लल्लाहु अ़लैहि व-सल्लम ने फ़रमाया: “तुम उस वक़्त तक जन्नत में दाख़िल नहीं होगे, जब तक कि तुम ईमान न लाओ; और तुम्हारा ईमान उस वक़्त तक कामिल नहीं होगा, जब तक कि तुम आपस में मोहब्बत न करो। क्या मैं तुम्हें एक ऐसा तरीक़ा न बताऊँ, जिससे आपस में मोहब्बत पैदा हो जाए? आपस में सलाम को आम करो (यानी मुलाक़ात के वक़्त एक-दूसरे को सलाम करो)।” (सह़ीह़ मुस्लिम: ५४)
मुसलमान को सलाम करना उन छह हुकू़क़ में से एक हक़ है, जो हर मुसलमान पर अपने मुसलमान भाई के लिए वाजिब हैं।
जब कोई आदमी अपने मुसलमान भाई को सलाम करता है, तो वह उसे तीन तरह से फ़ायदा पहुँचाता है:
(१) सलाम करने से वह अपने मुसलमान भाई के लिए दुआ़ करता है कि अल्लाह त’आला उसे अमन व सलामती में रखे; क्योंकि “अस्सलामु अ़लैकुम” दर-हक़ीक़त सलामती की दुआ़ है।
(२) सलाम करने से वह अपने मुसलमान भाई को याद दिलाता है कि अल्लाह त’आला उसके साथ है और अल्लाह त’आला उसे हर वक़्त देख रहा है; क्योंकि “अस्सलाम” अल्लाह त’आला के मुबारक नामों में से एक नाम है।
(३) सलाम करने से वह अपने मुसलमान भाई को बता रहा है कि मेरा यह सलाम सलामती का सलाम है; लिहाज़ा यक़ीनन मैं आपका ख़ैर-ख़्वाह (भला चाहने वाला) हूँ और मैं आपको किसी भी तरह से नुक़सान नहीं पहुँचाऊँगा (न ज़बानी, न जिस्मानी और न किसी और तरीक़े से)।
Alislaam.com – اردو हिन्दी ગુજરાતી